 |
महँगाई की उड़ान और सिसकती जेब : सकपकवा लाल का संघर्ष |
तो भैया! एक थे सकपकवा लाल—काम के कमिया कर्मचारी और दाम के फिसड्डी! उनका हाल इहे था कि उनकी जेब हमेशा सिसकती रहती थी। काहे कि महँगाई उनके जीवन का सारा ऑक्सीजन खींच ली थी और रही-सही कसर उनके मालिक-मलकान निकाल लेते थे।
महँगाई की सकपकवा लाल जी से जानी दुश्मनी थी जैसे! वे जितना अधिक सकपकाते थे, महँगाई उन्हें उतना ही सकपकाती थी। ऐसा लगता था मानो सकपकवा लाल जी के मालिक-मलकान ने ही उसे आदेश दिया हो—"चाहे कुछ भी हो जाए, सकपकवा को एतना सकपकवाओ कि वह एकदम कन्फ्यूज़या जाए कि आखिर यह हो क्या रहा है!" साथ ही यह भी कह दिया हो—"यदि तुम ऐसा कर पाती हो तो तुम्हें हम और अधिक बढ़ावा देंगे, आखिर तुम्हारी बढ़ोतरी से फायदा तो हमारा ही है!"
अब सकपकवा लाल करें तो क्या करें? मालिक-मलकान तो महँगाई से पहले ही हाथ मिला चुके थे!
जीवन बसंत की ९ कलियाँ और सम्मान का अचार
जीवन बसंत के ९ ठो कलियन का ई संसथान में सुखाए देने वाले हमार भैया सकपकवालाल का लईकन का हिन्दी पढ़ावत-पढ़ावत कब हिन्दी प्रेम जागि गवा अउर उहौ अतीत के पन्ना में दीमकन द्वारा चाट-चाटिके ख़तम कीन गा कवि बन गए, ई तौ काहू का नाहीं मालूम है! पर हाँ, संसथान के एक बड़े सम्मानित हस्ती माने जात रहे। हालाँकि सम्मान के अचरवा से ज़्यादा स्वादिष्ठ तौ उहै जेब लागत है जोन घोंट-घोंटिके नाहीं, एकदम आराम से निसंक होकर साँस लेत होइ!
पर ऐसने कबै तक चलिहैं, भूख अलापना का छोड़ि दिहैं भइया? उपे एलपीजी दीदी मुफ्त में राखी बाँधेगी का! ऊपर महँगाई दद्दा कनपटी पे आपना महँगाई घोड़ा दबाइले बैइठे रहते हैं तो एलपीजी दीदी कहाँ मुफ्त में भूख के अलाप को बंद करने वाली है। पर मालिक-मलकान तो Maintain proper decorum in the institution
का धिनाधिन करना कहाँ छोड़ने वाला है! चाहे सकपकवालाल भैया बारिश में, रविवार को, शनिवार को, पेट के पियानो धून में, ऑप्रेटेड हालत में संस्थान पहुँचें, पर मालिक-मलकान को तो इहे लगता है कि इका 'आयुष्यमान भव :' का आशीर्वाद ज्यादये मिला है!
मालिक-मलकान का भीष्म पितामह होने का भ्रम
बेचारे सकपकवा लाल! अपनी रोजाना जि़न्दगी के घिसीपिटी दिनचर्या से परेशान थे,वहीं उनकी बजाज सीटी-१०० की दो लीटर पेट्रोल भरी टंकी अउर सुतरी बम जैसी महँगाई के डर से उनकी जेब केवल सिसकती रहती थी, काहे कि उनकी सैलरी खराब मिर्चइया पटकवा जैसी फुस्स ही रहती है !महँगाई का सुतली बम फुसफुसा-फुसफुसा के फूटता जा रहा है और ई सैलरी का मिर्चीइया पटकवा सुईं करके मिंझियावे जा रहले है! पता नहीं ब्रह्मा ने महँगाई के इस सुतली बम में कितना बारूद लगाया है कि ई मिंझियाने का नामे नहीं लेवत है। केतना मिटकी मारते हैं कि भैया फुस्स हो जाओ, होवते नाही करता है। बस रोजे-रोजे फिड़िक-फिड़िक और धड़ाम-धड़ाम! आटा-250 रुपये -5 किलो, पेट्रोल-230, 240,250 और बेचारे सकपकवा लाल की जेब वही 12,500! अँग्रेज़िया राकेट और १२,५०० का गणित
सकपकवा लाल जी अपनी वही मोहनजोदड़ो काल की बजाज सीटी-१०० को सहलाते हुए अपने संस्थान पहुँचते। जहाँ अपना १००% देने की वह सदैव कोशिश करते, पर इस संसार में मालिक-मलकान और प्राणप्रिया को कोन्हौ खुश करि पाया है जी? नइ न!
इसलिए महीने की १४ तारीख आते ही जब पगार का लिफ़ाफ़ा हाथ में मिलता, तो सकपकवा लाल का सकपकाना सचमुच स्वाभाविक था। काहे कि 'सैलरीधरहु महाराज' जी कहते—"एतने को आप देरी से आए, एतने को छुट्टी लिए, एतने को पंचवे नहीं हुआ!"
अब कोउ बतइएं, पंचिंग मशीन के मार-मार के पचकावे पड़िहें का? लउ भैया, अब का कहियें!
बेचारे सकपकवा लाल की जेब उधर सिसक-सिसक के कहि रही होती—"दद्दा, अभरी बढ़ियाँ ऑक्सीजन मिलिहें न! ई महँगाई एको तनिहो ऑक्सीजन खीचयो नहिं देवत है!"
पर उधरे मालिक-मलकान माइक सँभालकर आकाशवाणी करते रहवते—"हमारा संस्थान अपने स्टाफ़ को सबसे भारी पगार देता है!"
पता नहीं केतना ब्लड चढ़ावे होगा, केतना भोग लगाना होगा! मालिक-मलकान की ओर से रोजे धमकी पर धमकी—"Not maintaining discipline, Not completing record, Not coming on time!"
दे दनादन रॉकेट छोड़ते रहते हैं और सकपकवा लाल की जेब सिसकते-सिसकते एतना कमज़ोर हो चुकी है कि पता नहीं कबै आईसीयू में भर्ती करे पड़े!
और मालिक-मलकान? उ तौ चिरंजीवी के चिरंजीवी!
एलपीजी दीदी, सरसों तेल और २५ दिन का अचार
एलपीजी दीदी का दर्शन हो जाना साक्षात देवी दर्शन से अब कम नहीं। सकपकवा लाल जी अपने सिसकते जेब को शांत कर सरसों तेल के डिब्बे को ऐसे निहारते हैं जैसे उसमें पिघला हुआ सोना भरा हो। दुकान से राशन लाते-लाते ५ तारीख तक पगार हवा हो जाती है और बाकी के २५ दिन वे मालिक-मलकान के उसी 'बड़प्पन वाले भाषण' और 'सम्मान के अचार' को चबा-चबाकर दिन काटते हैं।
निष्कर्ष / समापन :
सकपकवा लाल का यह हाल सिर्फ़ एक पात्र की कहानी नहीं है, बल्कि देश के उन तमाम प्राइवेट शिक्षकों और कर्मचारियों की दास्तान है जिनकी ज़िंदगी का सारा ऑक्सीजन महँगाई खींच रही है और बचा-कुचा दम मालिक-मलकान का खोखला बोलवचन और 'भीष्म पितामह' वाला भ्रम निकाल रहा है।
पाठकीय संवाद :
संभवतः हम सभी के भीतर एक 'सकपकवा लाल' रहता है, जो दिन-रात ऐसी ही विषम परिस्थितियों से जूझता है। हाँ, कुछेक भाग्यशाली ज़रूर होंगे जो अपनी कड़ी मेहनत या 'रिश्वत चचा' की बदौलत किसी बढ़िया स्थिति में टिके हैं!
क्या आप भी एक 'सकपकवा लाल' हैं? या आप अपनी ज़िंदगी को किसी और नज़रिए से देखते हैं? अथवा आप इस व्यंग्य को महज़ एक काल्पनिक उधेड़बुन मानते हैं?
अपने दिल की बात बताने के लिए नीचे दिए गए टिप्पणी पेटिका (Comment Box) में अपने विचारों के बम बेझिझक गिराइये!
यदि आप भी साहित्य या व्यंग्य के क्षेत्र में अपनी कलम का जादू दिखाना चाहते हैं, तो हमारे Submit Your Guest Post विकल्प का चयन करें।
हास्य-व्यंग्य विधा: तकनीकी व साहित्यिक ज्ञान पर आधारित दस महत्वपूर्ण प्रश्नोत्तर (Informative Hasya-Vyangya FAQ)
१.हास्य-व्यंग्य (Satire) कैसी विधा है और इसका मूल उद्देश्य क्या है?
उत्तर :- हास्य-व्यंग्य हिंदी साहित्य की एक अत्यंत मारक और विचारोत्तेजक गद्य-विधा है। इसका मूल उद्देश्य केवल पाठक का मनोरंजन करना या हँसाना नहीं, बल्कि हास्य के आवरण में सामाजिक, राजनीतिक, प्रशासनिक और आर्थिक विसंगतियों (जैसे शोषण और महँगाई) पर तीखा कटाक्ष करना तथा पाठक को सोचने पर मजबूर करना है।
२. हिन्दी व्यंग्य लेखन के प्रमुख स्तंभ और कालजयी लेखक कौन-कौन हैं?
उत्तर : हिन्दी में इस विधा को शिखर पर पहुँचाने वाले प्रमुख रचनाकार हैं : -
- हरिशंकर परसाई (विकलांग श्रद्धा का दौर, भोलाराम का जीव)
- श्रीलाल शुक्ल (राग दरबारी)
- शरद जोशी (जीप पर सवार इल्लियाँ, जीप में सवार ज्ञान)
- ज्ञान चतुर्वेदी (बारामासी, पागलखाना)
- रवींद्रनाथ त्यागी और काका हाथरसी (हास्य-व्यंग्य कवि)
३.हिन्दी साहित्य में व्यंग्य युग का प्रारंभ कब और कैसे हुआ?
उत्तर : - हिन्दी में आधुनिक व्यंग्य का बीजारोपण भारतेंदु युग (१९वीं सदी के उत्तरार्ध) से माना जाता है। भारतेंदु हरिश्चंद्र ने अपनी पत्रिकाओं (कविवचनसुधा) और नाटकों के माध्यम से औपनिवेशिक व्यवस्था पर तंज़ कसना शुरू किया। हालाँकि, स्वतंत्र और परिपक्व गद्य-विधा के रूप में व्यंग्य का 'स्वर्ण युग' आजादी के बाद (१९५०-६० के दशक में हरिशंकर परसाई के आगमन के साथ) शुरू हुआ।
४. हिन्दी का पहला औपचारिक व्यंग्य किस विषय-वस्तु पर आधारित था ?
उत्तर :- हिन्दी का पहला सुगठित व्यंग्यात्मक नाटक भारतेंदु हरिश्चंद्र कृत ‘अंधेर नगरी’ (१८८१) माना जाता है। इसकी विषय-वस्तु विवेकहीन सत्ता, भ्रष्ट न्याय व्यवस्था और प्रशासनिक अराजकता (चौपट राजा और टके सेर भाजी) पर केंद्रित थी।
५. व्यंग्य लेखन को धारदार और असरदार किस प्रकार का ज्ञान बनाता हैं ?
उत्तर :- व्यंग्य में मारक क्षमता तब आती है जब लेखक के पास लोक-जीवन और देहाती मुहावरेबाज़ी का व्यावहारिक ज्ञान हो।
- समकालीन सामाजिक-आर्थिक स्थितियों (जैसे महँगाई, बेकारी और शोषण) की सटीक जानकारी हो।
- मानव मनोविज्ञान और शोषक वर्ग के चरित्र की बारीक समझ हो।
६. हास्य (Humor) और व्यंग्य (Satire) में तकनीकी अंतर क्या है?
उत्तर :- 'हास्य' का लक्ष्य केवल विशुद्ध मनोरंजन और प्रसन्नता पैदा करना होता है (जिसमें कोई कसक नहीं होती)। जबकि 'व्यंग्य' में हास्य एक साधन मात्र है; उसका मुख्य लक्ष्य विसंगति पर प्रहार करना और सुधार की चेतना जगाना होता है। व्यंग्य में 'मुस्कुराहट के पीछे की चुभन' होती है।
७. साहित्यिक सिद्धांतों के अनुसार व्यंग्य में किस 'रस' और 'शब्द-शक्ति' की प्रधानता होती हैं ?
उत्तर :- व्यंग्य में मुख्य रूप से 'हास्य रस' के साथ-साथ अप्रत्यक्ष रूप से 'करुण रस' और 'बीभत्स रस' (व्यवस्था की सड़न दिखाने के लिए) का पुट होता है। शब्द-शक्तियों में यह 'व्यंजना' और 'लक्षणा' शब्द-शक्ति पर सबसे ज़्यादा आश्रित होता है।
८.व्यंग्य के प्रमुख शिल्पगत भेद (Types/Forms of Satire) कौन-कौन से हैं ?
उत्तर :- व्यंग्य मुख्य रूप से तीन शैलियों में रचा जाता हैं :
- व्यक्तिपरक/ललित व्यंग्य: आत्मानुभूति और निजी अनुभवों पर आधारित।
- व्यवस्थागत/राजनीतिक व्यंग्य: सत्ता, नीति और तंत्र के विरोध में।
- चरित्र-प्रधान व्यंग्य: किसी ख़ास वर्ग के ढोंग को उजागर करने वाला (जैसे सकपकवा लाल के 'मालिक-मलकान')
९. व्यंग्य रचना में 'भाषा-शैली' और 'रूपक/उपमाओं' का क्या महत्व है?
उत्तर :- व्यंग्य की सफलता उसकी भाषा की वक्रता (टेढ़ेपन) पर निर्भर करती है। ठेठ देहाती बोलियों, मुहावरों और अनूठे रूपकों (जैसे 'सैलरी का मिर्चीइया पटकवा' या 'पेट का पियानो') का प्रयोग व्यंग्य को सीधा, मारक और आम पाठक के दिल से जोड़ने वाला बना देता है।
१०. डिजिटल युग और ब्लॉगिंग में व्यंग्य-लेखन की क्या प्रासंगिकता है?
उत्तर :- ब्लॉगिंग और डिजिटल मीडिया के दौर में हास्य-व्यंग्य सबसे ज़्यादा पढ़ा जाने वाला कंटेंट है। यह गंभीर से गंभीर सामाजिक मुद्दों को चुटीले और मनोरंजक अंदाज़ में उठाकर पाठकों की एंगेजमेंट (Engagement) और प्रतिक्रिया (Comments) को कई गुना बढ़ा देता है।
साथ ही व्यंग्य आधारित हमारी अन्य रचनाओं को पढ़ने के लिए निम्नलिखत लिंक पर क्लिक करें :-
Nice post 👏
जवाब देंहटाएंहृदय तल से आभार।
हटाएंMahangai ki maar ek aam aadami ke jivan ki trasdi ki kahani
जवाब देंहटाएंसकपकवा लाल एक आम आदमी की ही तो कहानी है, वह जो निजी फर्मों में पीस रहा है।
जवाब देंहटाएं